यूपी – गाजियाबाद। महानगर कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के नेतृत्व में 7 जनवरी 2026 को निजी स्कूलों में बेतहाशा फीस वृद्धि, हर वर्ष ड्रेस व कोर्स बदलने तथा प्रदेश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी गाजियाबाद को ज्ञापन सौंपा गया।
सुबह 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के साथ कनिष्ठ एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। अभिवक्ता सामाजिक कल्याण समिति (पंजीकृत) के पदाधिकारियों ने भी आंदोलन में सहभागिता की। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा लगातार फीस बढ़ाना, हर वर्ष नई ड्रेस और पाठ्यक्रम लागू करना अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रहा है। शिक्षा को सेवा के बजाय व्यवसाय बनाया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि सरकार निजी स्कूलों पर सख्त नियंत्रण लगाए और अभिभावकों व छात्रों को राहत प्रदान करे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की वर्तमान शिक्षा प्रणाली भ्रष्टाचार से ग्रस्त है और इसका सीधा नुकसान आम जनता को हो रहा है। ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई कि इन समस्याओं का संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई की जाए।
धरना-प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उपाध्यक्ष समसूदीन सैफी, उपाध्यक्ष डी.के. मल्होत्रा, महासचिव फहीम खान, एडवोकेट चंद्रपाल (प्रदेश सचिव, अनुसूचित विभाग), आशीष कुमार प्रेमी (महानगर अध्यक्ष, अनुसूचित जाति विभाग), महासचिव पुनीत लौ, महासचिव बबलू भारती, सुदेश शर्मा, उपाध्यक्ष अनुसूचित विभाग बिजेंद्र जाटव, एडवोकेट निशा सिंह, शिव चौधरी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







