यूपी – गाजियाबाद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद द्वारा एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय, सेंट्रल मार्केट पुराना बस अड्डा पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने की। इसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गाजियाबाद जिला निगरानी कमेटी के सदस्य एवं पूर्व मंत्री सतीश शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत गाजियाबाद में लगभग 8.5 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं, जो पूर्व मतदाता संख्या का करीब 28 प्रतिशत है। इस स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा गया कि कांग्रेस के सभी सक्रिय कार्यकर्ता बूथ, वार्ड, ब्लॉक और नगर स्तर पर 6 जनवरी 2026 को जारी मतदाता सूची लेकर क्षेत्र में जाकर घर-घर मिलान करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
साथ ही यह भी कहा गया कि 6 जनवरी 2026 के बाद जो नए मतदाता जोड़े जा रहे हैं, उनकी पात्रता की भी पूरी जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को सामने लाना कांग्रेस की प्राथमिकता होगी। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण कार्य 2027 के चुनाव की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने बताया कि जारी की गई मतदाता सूची जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त हुई है और जल्द ही सभी पदाधिकारी 100 वार्डों में जाकर जनता से संपर्क करेंगे। बैठक में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पुनरीक्षण कार्य में पूरी मुस्तैदी और ईमानदारी से जुटने का आह्वान किया गया।
बैठक में महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष डोली त्यागी, जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता, कोषाध्यक्ष अश्वनी त्यागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







