यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 8 जनवरी 2026 को जोन-01 और जोन-04 के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई प्राधिकरण के निर्देशों के तहत प्रवर्तन विभाग द्वारा की गई।
प्रवर्तन जोन-04 के अंतर्गत सेक्टर-12, प्रताप विहार स्थित भूखंड संख्या जे-38 पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण पाए जाने पर कार्रवाई की गई। निर्माणकर्ता द्वारा बेसमेंट के स्थान पर स्टिल्ट और अतिरिक्त तल का निर्माण किया गया था। पूर्व में नोटिस, सीलिंग और दो बार ध्वस्तीकरण के बावजूद अवैध निर्माण जारी रहने पर 8 जनवरी को पुनः कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तल को अनुपयोगी बना दिया गया।
इसी क्षेत्र में भूखंड संख्या एल-285, सेक्टर-12 पर स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध अतिरिक्त तल का निर्माण पाए जाने पर पूर्व में सीलिंग की गई थी। निर्माणकर्ता द्वारा संतोषजनक जवाब न देने के कारण निर्माण को सील रखा गया है।
इसके अलावा भूखंड संख्या एम-01, सेक्टर-12 प्रताप विहार में सभी सेटबैक कवर कर अवैध निर्माण किया गया था। निर्माणकर्ता द्वारा शमन का आश्वासन देने के बावजूद आवेदन न किए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन जोन-01 के अंतर्गत लगभग 25 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़कें, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया।
यह समस्त कार्रवाई प्रवर्तन जोन-01 और जोन-04 के स्टाफ तथा प्राधिकरण पुलिस बल की सहायता से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न की गई। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।







