यूपी – गाजियाबाद। साहिबाबाद लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट द्वारा सामाजिक क्रांति की अग्रदूत, प्रथम शिक्षिका एवं महान समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की जयंती को “महिला सशक्तिकरण दिवस” के रूप में शुक्रवार शाम स्वरुप पार्क स्थित ज्ञानपीठ केन्द्र-1 के प्रांगण में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षिका डॉ. सरोज यादव ने की, जबकि संचालन श्रमिक नेता अनिल मिश्र ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष, समाजवादी विचारक राम दुलार यादव उपस्थित रहे। आयोजन समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव एडवोकेट के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के प्रसार का संकल्प लिया। इस अवसर पर राम प्यारे यादव, जगन्नाथ प्रसाद एवं कैलाश चन्द्र ने भी अपने विचार रखे। राजेन्द्र सिंह एवं हुकुम सिंह ने देशभक्ति और पाखंड विरोधी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
समाज सेविका फूलमती यादव ने कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक महिलाओं को गर्म शाल एवं कंबल भेंट कर सम्मानित किया। इंजीनियर धीरेन्द्र यादव ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं तथा अल्पाहार की व्यवस्था की।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. सरोज यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने कठिन परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर 1848 में महिला शिक्षा की नींव रखी और रूढ़िवाद, पाखंड, बाल विवाह, असमानता के विरुद्ध जन-जागरण किया। मुख्य वक्ता राम दुलार यादव ने सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विषमताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भी हमें सावित्रीबाई फुले और ज्योतिराव फुले के विचारों से प्रेरणा लेकर समानतामूलक समाज के निर्माण के लिए संघर्ष करना होगा।
कार्यक्रम में वीरेन्द्र यादव एडवोकेट, सविता, ज्योति रजक, अनीता सिंह, वीर सिंह सैन, बैजनाथ रजक, अवधेश मिश्र एडवोकेट, ब्रह्म प्रकाश, कैलाश चन्द, एस.एन. जायसवाल, अमृतलाल चौरसिया सहित सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।







