यूपी – गाजियाबाद नगर निगम द्वारा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) को जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में शहर को समर्पित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से ITMS का ट्रायल लिया और बड़ी स्क्रीन के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों व चौराहों की लाइव मॉनिटरिंग की।

ट्रायल के दौरान नगर आयुक्त ने वैशाली रेड लाइट, कालकागढ़ी रेड लाइट, पुराना बस अड्डा रेड लाइट तथा हापुड़ चुंगी रेड लाइट की यातायात स्थिति को देखा और सिस्टम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज, प्रभारी प्रकाश आश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बताया गया कि अब तक शहर में 1800 से अधिक कैमरों को ITMS से इंटीग्रेट किया जा चुका है। नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि ITMS के अंतिम चरण की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। डेस्कटॉप इंस्टॉलेशन, 244 इंच चौड़ी और 103 इंच ऊंची विशाल स्क्रीन की स्थापना के साथ-साथ सर्वर रूम और आईटीसीसी (Integrated Traffic Control Center) को पूरी तरह व्यवस्थित कर दिया गया है।
नगर आयुक्त ने कहा कि आगामी 10 दिनों के भीतर इस योजना को शहर हित में प्रारंभ कर दिया जाएगा। ITMS के लागू होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। रेड लाइट पर लगे आधुनिक कैमरों के माध्यम से ऑटोमैटिक चालान की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही ITMS के जरिए नगर निगम के कार्यों की भी शहरभर में लगे कैमरों से निगरानी की जा सकेगी, जिससे मॉनिटरिंग व्यवस्था और अधिक सरल व प्रभावी होगी।







