यूपी – गाजियाबाद, 26 दिसंबर 2025। अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानन्द के 99वें बलिदान दिवस के अवसर पर जिला आर्य प्रतिनिधि सभा, आर्य केंद्रीय सभा एवं आर्य समाज नयागंज के संयुक्त तत्वावधान में शम्भू दयाल वैदिक सन्यास आश्रम, दयानंद नगर में महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसके उपरांत शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
आर्ष गुरुकुल नोएडा के कुलपति जयेंद्र आचार्य के ब्रह्मत्व में यज्ञ संपन्न हुआ। शोभायात्रा का शुभारंभ समाजसेवी विजय पाल कसाना ने ओम् ध्वज दिखाकर किया। यात्रा गांधी नगर, चौधरी मोड़, रेलवे रोड, बजरिया, घंटाघर, चौपला, दिल्ली गेट व ठाकुर द्वारा होते हुए गुरुकुल पटेल मार्ग पहुंची, जहां यह जनसभा में परिवर्तित हो गई।

मार्ग में विभिन्न आर्य समाजों, स्कूलों एवं व्यापारियों द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में विभिन्न आर्य समाजों की आकर्षक झांकियां और छात्रों के व्यायाम प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
गुरुकुल पटेल मार्ग में आयोजित बलिदान दिवस सम्मेलन में जयेंद्र आचार्य ने कहा कि स्वामी श्रद्धानन्द ने गुरुकुल कांगड़ी की स्थापना कर गुरुकुलीय शिक्षा पद्धति को सशक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की रक्षा गुरुकुलीय पद्धति से ही संभव है।
वैदिक विद्वान विष्णु मित्र वेदार्थी ने कहा कि स्वामी श्रद्धानन्द का जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता की अनुपम मिसाल है। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं।
सम्मेलन में पवन सिंघल, सत्यवीर चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। सभा का संचालन कृष्ण देव आर्य ने किया तथा महामंत्री नरेंद्र पांचाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आर्य प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




