यूपी – गाजियाबाद, लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट द्वारा 23 दिसंबर 2025 को ज्ञानपीठ केंद्र–1, स्वरूप पार्क, जीटी रोड साहिबाबाद के प्रांगण में भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह का जन्मदिन ‘जाति तोड़ो, जमात जोड़ो’ दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता समाजवादी चिंतक एवं संस्था के संस्थापक-अध्यक्ष राम दुलार यादव शिक्षाविद रहे। अध्यक्षता समाजसेवी जगन्नाथ प्रसाद ने की। आयोजन इंजीनियर धीरेंद्र यादव द्वारा किया गया तथा संचालन श्रमिक नेता अनिल मिश्र ने किया। सभी उपस्थित साथियों ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके देशहित व जनहित में किए गए कार्यों को स्मरण किया।

इस अवसर पर ताहिर अली ने “ज्ञानपीठ संदेश—लोकतंत्र बचाना है, संविधान बचाना है” का पाठ किया। राजेंद्र सिंह और हुकुम सिंह ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावविभोर कर दिया।
मुख्य वक्ता राम दुलार यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, ईमानदारी और निर्भीक निर्णयों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने जमींदारी प्रथा के उन्मूलन, ऋणमुक्ति विधेयक और लेखपाल पद के सृजन जैसे ऐतिहासिक कार्य कर किसानों और कमजोर वर्गों को शोषण से मुक्ति दिलाई। उन्होंने कहा कि आज बढ़ती आर्थिक विषमता, सामाजिक विभाजन और संवैधानिक संस्थाओं की कमजोरी चिंताजनक है। ऐसे में चौधरी चरण सिंह के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक गैरबराबरी दूर करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में राम दुलार यादव, जगन्नाथ प्रसाद, वीरेंद्र यादव, ओम प्रकाश अरोड़ा, ब्रह्म प्रकाश, वीर सिंह सैन, अनिल मिश्र, हुकुम सिंह, अवधेश यादव, राजेंद्र सिंह, रामेश्वर यादव, हाजी मोहम्मद सलाम, ताहिर अली, विजय भाटी एडवोकेट सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।




