यूपी – गाजियाबाद नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए पूरे देश के लिए एक मिसाल पेश की है। 25 सितंबर 2025 को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ – स्वच्छता ही सेवा है” अभियान के अंतर्गत मात्र एक घंटे में 15,156 प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में गाजियाबाद का नाम दर्ज कराया।

नगर आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने किया। नगर निगम टीम ने व्यापक तैयारी के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों—सड़कों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक इलाकों—में साफ-सफाई की गतिविधियाँ संचालित कीं। अभियान का उद्देश्य सिर्फ सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्थायी स्वच्छता की आदत विकसित करना था।
रिकॉर्ड दर्ज होने पर नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी मिथिलेश, पूरी निगम टीम, सफाई मित्रों और स्वच्छ भारत मिशन टीम को बधाई देते हुए पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनभागीदारी की शक्ति और शहर की जागरूकता का प्रतीक है। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में गाजियाबाद को देश में पहला स्थान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।
उपलब्धि पर महापौर सुनीता दयाल ने शहरवासियों व प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि स्वच्छता एक निरंतर प्रक्रिया है और यह रिकॉर्ड नागरिकों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। अभियान में स्कूलों, कॉलेजों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम में उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी अनुज उपस्थित रहे। साथी फाउंडेशन और एसबीएम टीम के आसिफ खान का विशेष सहयोग रहा। यह उपलब्धि भविष्य में अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।







