SIR अभियान को बताया लोकतंत्र का ‘बूस्टर डोज़’

यूपी – गाजियाबाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार, 8 दिसंबर 2025 को गाजियाबाद में मेरठ मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ एक विशेष बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा और रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का आयोजन नेहरू नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में किया गया। इसमें भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया के साथ मंडल के जनपद — गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बागपत, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर के सभी सांसद, महापौर, विधान परिषद सदस्य, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, पंचायत प्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR अभियान केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण का तकनीकी कार्य नहीं, बल्कि राजनीतिक जनसंपर्क एवं संगठन सुदृढ़ीकरण का महाअभियान है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार और संगठन को एक मंच पर लाकर बूथ स्तर तक समन्वय, सक्रियता और परिणामकेंद्रित कार्यशैली पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने इस अभियान को लोकतंत्र का “बूस्टर डोज़” बताते हुए इसे शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने मुख्यमंत्री का गाजियाबाद में बैठक आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि गाजियाबाद संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान को 100 प्रतिशत सफलता की ओर ले जाएगा। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया ने सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की उपस्थिति के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त हुई है, जिसका परिणाम अभियान की सफलता में दिखाई देगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों के सुझावों, क्षेत्रीय अनुभवों और जमीनी चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सतत संवाद, निगरानी, जनजागरूकता और टीम भावना के साथ कार्य करने को सभी के लिए अनिवार्य बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने SIR अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी और परिणामकारी बनाने का संकल्प लिया।







