यूपी – गाजियाबाद, 02 दिसंबर गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव से मुलाकात कर आगामी आरटीई सत्र 2026–27 से जुड़ी अनियमितताओं पर गहरी चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने आरटीई चयन प्रक्रिया, विद्यालय मैपिंग में त्रुटियों, बंद विद्यालयों के पोर्टल पर सक्रिय रहने और ऑनलाइन आवेदन में तकनीकी दिक्कतों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
एसोसिएशन ने बताया कि जिले में कुल 1871 विद्यालय दर्ज हैं, जिनमें 562 विद्यालय बंद होने के बावजूद पोर्टल पर सक्रिय दिख रहे हैं। बिना जांच के सूची में शामिल इन विद्यालयों ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही कई विद्यालयों की मैपिंग गलत वार्ड में दिखाई जा रही है, जिससे अभिभावकों के विकल्प प्रभावित हो रहे हैं। डीएवी पब्लिक स्कूल, एमएमएच स्कूल और न्यू विजन स्कूल जैसे संस्थानों के गलत लोकेशन पर दिखने के उदाहरण भी बैठक में प्रस्तुत किए गए।
ऑनलाइन आरटीई फॉर्म भरते समय वेबसाइट क्रैश होने, OTP न आने और दस्तावेज़ अपलोड न होने जैसी तकनीकी समस्याओं को भी गंभीर मुद्दा बताया गया। एसोसिएशन ने कहा कि विभागीय हेल्पडेस्क निष्क्रिय है, जिससे अभिभावक परेशान हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को दिए ज्ञापन में बंद विद्यालयों को सूची से हटाने, सभी विद्यालयों का भौतिक सत्यापन 15 दिनों में पूरा कराने, गलत मैपिंग सुधारने, पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के समाधान, हेल्पडेस्क सक्रिय करने और चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की माँग की।
बीएसए ने आश्वासन दिया कि बंद विद्यालयों की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी, गलत मैपिंग सुधारी जाएगी तथा पोर्टल संबंधी समस्याओं को उच्च स्तर पर भेजकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में अनिल सिंह, धर्मेंद्र यादव, पवन कुमार शर्मा, कौशल, नरेश कुमार, राहुल सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।







