यूपी – मैनपुरी, उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मंगलवार को मैनपुरी में कानून व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और सरकारी व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसुनवाई को प्राथमिकता पर प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा हर शिकायत पर त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कश्यप ने कहा कि त्योहारों और चुनावी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ाए तथा अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और फील्ड में सक्रिय पुलिसिंग पर विशेष ध्यान दे।

मंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली और संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से योजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
दौरे के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और नेताओं के साथ कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गई तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कश्यप ने प्रदेशभर में चल रही एसआईआर प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि इसे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा करें।
इसी क्रम में कश्यप ने धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्हें व्यवस्थाएं अव्यवस्थित मिलीं। धीमी खरीद प्रक्रिया, तौल में गड़बड़ी और किसानों को समय पर भुगतान न मिलने पर उन्होंने केंद्र प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि योगी-मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए और धांधली या देरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिन पर कश्यप ने तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता, सुशासन और तेजी से विकास सुनिश्चित करना है, जिसके लिए फील्ड में निरंतर निगरानी जारी रहेगी।







