Screenshot_20221103-203604_YouTube
IMG-20230215-WA0382
a12
IMG-20230329-WA0101
Final Ad
Screenshot_20251019_113536_OneDrive
screenshot_20260125_230217_gallery4476655999519321620.jpg
PlayPause
previous arrow
next arrow

बीजेपी की संयुक्त बैठक में मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर

Share on facebook
Share on whatsapp
Share on twitter
Share on google
Share on linkedin

यूपी – गाजियाबाद, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएँ और बोगस नाम हटाए जाएँ। वे इंदिरापुरम स्थित रॉयल पार्क फार्म हाउस में आयोजित बीएलए-1, मंडल अध्यक्षों और मॉनिटरिंग टीम की जिला–महानगर संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण लोकतांत्रिक जागरूकता का व्यापक अभियान है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक सूची से बाहर न रहे और कोई भी फर्जी नाम सूची में न बना रहे। उन्होंने बताया कि जिला एवं विधानसभा स्तर पर वॉर रूम बनाए गए हैं, जो प्रदेश स्तर के वॉर रूम से तकनीकी रूप से जुड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक तालमेल और तकनीकी निगरानी से अभियान को गाँव-गाँव और वार्ड-वार्ड तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर बीएलए-1 और बूथ स्तर पर बीएलए-2 परस्पर समन्वय से कार्य करेंगे। इनके साथ नियुक्त बूथ प्रवासी भी रणनीतिक भूमिका निभाएँगे। सभी मिलकर बूथ अध्यक्ष के साथ सत्यापन, संपर्क और सूचना आदान-प्रदान की प्रक्रिया को गति देंगे ताकि अभियान पारदर्शी और विश्वसनीय बन सके।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण चरण है। कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि जिम्मेदारी के साथ बूथ स्तर पर सत्यापन करें, ताकि त्रुटिहीन और प्रमाणित मतदाता सूची तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर की गई सतर्कता आगामी चुनावों में संगठन की ताकत बढ़ाएगी।

बैठक में धर्मपाल सिंह, सतेन्द्र सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मानसिंह गोस्वामी, मयंक गोयल, अजीत पाल त्यागी, संज़ीव शर्मा और मंजू शिवाच मंचासीन रहे। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में मयंक गोयल ने सभी का धन्यवाद किया।