यूपी – गाजियाबाद 16 नवंबर 2025 को लोनी नगर पालिका क्षेत्र के राम पार्क विस्तार स्थित शिव मंदिर प्रांगण में उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्राता समिति द्वारा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जहां समिति के पदाधिकारियों ने उनका फूलमाला पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
अपने संबोधन में मनोज धामा ने कहा कि उत्तराखंड देश का सिरमौर है, जिसे देवभूमि के नाम से जाना जाता है। यहां स्थित गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, मुक्तेश्वर, हरिद्वार, योगनगरी ऋषिकेश, धारी देवी, गोलू देवता जैसे प्रसिद्ध तीर्थस्थल भारत की आस्था के केंद्र हैं, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता, वहां के लोगों की सरलता और वहां की संस्कृति की पहचान पूरे विश्व में अनोखी है।
उन्होंने यह भी कहा कि लोनी क्षेत्र का सौभाग्य है कि यहां उत्तराखंड के निवासी बड़ी संख्या में रहते हैं, जिससे लोगों को वहां की परंपराओं, रीति-रिवाजों और संस्कृति को जानने व अपनाने का अवसर मिलता है। उत्तराखंड का भोजन, अतिथि-सत्कार और जीवनशैली शांति और सादगी का अद्भुत संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़े लोकनृत्य और आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। मनोज धामा ने प्रतिभागियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन पर समिति ने मनोज धामा को स्मृति चिन्ह, पटका और पारंपरिक टोपी भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष जयेन्द्र नेगी, उपाध्यक्ष ठाकुर सिंह राणा, महासचिव यशपाल नेगी, राजेंद्र सिंह रावत, शंकर सिंह बिस्ट, संतोष चौहान, देवेंद्र नेगी, हरेंद्र पटवाल, मोहन सिंह बिष्ट, तोताराम भंडारी, कपिल मलिक समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।







