यूपी – गाजियाबाद 6 नवम्बर 2025 शहर के लोग ताज़ी हवा और स्वास्थ्य लाभ के लिए रोज़ सुबह नेहरू स्टेडियम पहुंचते हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यहां की अव्यवस्था ने लोगों को निराश कर दिया है। जहां पहले लोग योग और व्यायाम से दिन की शुरुआत करते थे, अब वहां धूल उड़ने के कारण मुंह ढककर चलना पड़ता है। स्टेडियम में बैठने या योग करने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, मिट्टी और गंदगी के कारण लोग परेशान हैं। जगह-जगह कूड़ा फैला होने से मच्छरों की भरमार हो गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं।

गाज़ियाबाद प्राधिकरण द्वारा यहां एक ओपन जिम बनवाई गई थी, लेकिन अब उसकी सभी मशीनें खराब और जर्जर हालत में पड़ी हैं। शौचालयों की हालत इतनी खराब है कि लोग वहां जाना भी पसंद नहीं करते। प्रशासन जहां एक ओर “स्वच्छ गाज़ियाबाद” का नारा देता है, वहीं नेहरू स्टेडियम की स्थिति उस दावे की पोल खोल रही है।

राजू छाबड़ा, युवा प्रदेश महामंत्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि स्टेडियम की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। वरिष्ठ नागरिक और योग प्रेमी जो वर्षों से यहां आते रहे हैं, अब इन अव्यवस्थाओं से काफी परेशान हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई, मरम्मत और सुविधाओं की बहाली की मांग की है।







