यूपी – गाजियाबाद स्थित एच.आर.आई.टी. विश्वविद्यालय में 50वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर ओपन एवं 41वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बालिका शतरंज प्रतियोगिता – 2025 का भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर देशभर से सैकड़ों युवा प्रतिभागी शामिल हुए, जिन्होंने अपने कौशल और बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन करने के लिए इस प्रतिष्ठित मंच पर कदम रखा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अभिनव गोपाल (मुख्य विकास अधिकारी, गाज़ियाबाद) ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शतरंज जैसी बौद्धिक प्रतियोगिताएं युवाओं में एकाग्रता, तर्कशक्ति और निर्णय क्षमता को विकसित करती हैं, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला क्रीड़ा अधिकारी मधु अवस्थी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्तर प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष ए.के. रायज़ादा ने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि एच.आर.आई.टी. जैसे संस्थानों द्वारा ऐसे आयोजन शतरंज खेल को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

विश्वविद्यालय की उपकुलाधिपति डॉ. अंजुल अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि सीखने, जुड़ने और आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करती है।
एच.आर.आई.टी. विश्वविद्यालय को गर्व है कि वह इस राष्ट्रीय स्तर की ऐतिहासिक प्रतियोगिता की मेज़बानी कर रहा है। यह प्रतियोगिता 2 नवंबर से 10 नवंबर 2025 तक चलेगी।







