यूपी – गाजियाबाद विजयनगर स्थित जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में प्राइमरी वर्ग के छात्र-छात्राओं द्वारा एक भव्य एवं प्रेरणादायी प्रातःकालीन विशेष सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन छात्रों की प्रतिभा, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का एक सराहनीय प्रयास रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में निहित नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के महत्व को समझाना और उनमें आत्मविश्वास का संचार करना था।

सभा की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं मंगलाचरण से हुई, जिसके बाद छात्राओं ने माँ दुर्गा के नौ रूपों पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इस मनमोहक प्रस्तुति में माँ शैलपुत्री से लेकर माँ सिद्धिदात्री तक सभी स्वरूपों का संजीव और प्रभावशाली चित्रण किया गया। प्रत्येक स्वरूप की महत्ता और उसके जीवनदायी संदेश को छात्रों ने भावपूर्ण अभिनय, संवाद और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों के माध्यम से देवी के नौ रूपों की गहनता और उनसे जुड़े आदर्शों को निकट से अनुभव किया, इसमें शक्ति के विविध रूपों को जीवन में पहचानने तथा उनसे प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश निहित था। छात्र-छात्राओं ने यह संदेश दिया कि माँ दुर्गा की भांति हर व्यक्ति अपने भीतर मौजूद शक्ति को पहचानकर जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकता है और सफलता की ओर अग्रसर हो सकता है।

प्रधानाचार्या अंजू गौड़ ने कार्यक्रम के पश्चात छात्रों और शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को न केवल अपनी संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ते हैं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को उभारने के लिए शिक्षिकाओं द्वारा किए गए प्रयास प्रशंसनीय हैं। प्रधानाचार्या ने यह भी उल्लेख किया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को मंच पर आत्मविश्वास से प्रस्तुत होने का अवसर प्रदान करती हैं और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस प्रकार, जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल विजयनगर द्वारा आयोजित यह विशेष प्रातःकालीन सभा विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षा और सांस्कृतिक जुड़ाव का सुंदर संगम रही।







